खरगे ने पीएम मोदी के सामने रखी 6 प्रमुख मांगें
मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री से छह प्रमुख मांगों पर तत्काल कार्रवाई का आग्रह किया है। इनमें कल्याण कर्नाटक क्षेत्र में सूखे से हुए नुकसान का जमीनी आकलन करने के लिए केंद्रीय दल भेजना और राज्य द्वारा मांगी गई 3,705.30 करोड़ रुपये की पूरी सहायता जारी करना शामिल है। उन्होंने छोटे और सीमांत किसानों के लिए लागत पर रियायत की गणना कर्नाटक के अद्यतन ‘भूमि’ भू-अभिलेखों के आधार पर करने का अनुरोध किया है।कर्नाटक के लिए 3,705 करोड़ रुपये की सहायता की अपील
उन्होंने कहा कि 2015-16 की कृषि जनगणना के पुराने आंकड़ों के आधार पर सहायता दिए जाने से पात्र किसान लाभ से वंचित हो सकते हैं। खरगे ने सूखे की स्थिति का आकलन किए जा रहे 11 अतिरिक्त तालुकों और भविष्य में पात्र पाए जाने वाले अन्य तालुकों को भी इसी केंद्रीय सहायता के दायरे में शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने कावेरी और जलविद्युत क्षेत्रों में जलाशयों के कम जलस्तर का हवाला देते हुए पेयजल सुरक्षा तथा वैकल्पिक बिजली की लागत के लिए अतिरिक्त सहायता देने की मांग की।मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कर्नाटक को सहायता राजनीतिक विचारों से प्रभावित हुए बिना, नुकसान और जरूरत के आधार पर तत्काल दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सूखा राहत एक मानवीय आवश्यकता है और केंद्र तथा राज्य के बीच राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर प्रभावित लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

