Select Date:

CJP नेता सौरव-आशुतोष केस की जांच क्राइम ब्रांच करेगी:कोर्ट ने कहा- दोनों कानून का सम्मान नहीं करते, भरोसा करना मुश्किल; हिरासत 2 दिन बढ़ाई

Updated on 20-10-2026 11:25 AM

दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका के खिलाफ दर्ज मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। दोनों पर आरोप है कि वे निजी परिसर से होते हुए जंतर-मंतर पहुंचे, जहां प्रदर्शन पर रोक लगाई गई थी।

इससे पहले दास और रांका की न्यायिक हिरासत सोमवार को दो दिन बढ़ा दी गई। सोमवार देर रात स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) की ऑर्डर कॉपी सामने आई। मजिस्ट्रेट रितु राज ने कहा कि दास और रांका के व्यवहार से लगता है कि वे कानून का सम्मान नहीं करते। इससे शांति और व्यवस्था बिगड़ने का खतरा भी है।

उन्होंने कहा कि दोनों कार्यकर्ताओं के दोबारा ऐसा नहीं करने के भरोसे पर विश्वास करना मुश्किल है। प्रतिबंधित या परमिशन न मिलने वाली जगहों पर बार-बार विरोध प्रदर्शन की अपील करना उनके व्यवहार को दर्शाता है।

CJP नेता रांका और दास 14 अक्टूबर से तिहाड़ जेल में बंद हैं। दोनों को बुधवार को फिर पेश किया जाएगा। दोनों पर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान प्रतिबंधों के उल्लंघन का आरोप है। वहीं, CJP ने रिहाई में जानबूझकर देरी का आरोप लगाया है।

जमानतदारों की पहचान पर उठे सवाल

मजिस्ट्रेट ने दोनों नेताओं की ओर से पेश किए गए जमानतदारों की जांच में खामियां बताईं। एक जमानतदार के बांड और पहचान पत्र की तस्वीरों में अंतर मिला। वह दूसरा पहचान पत्र भी नहीं दिखा सका।

वहीं, दूसरा जमानतदार उस व्यक्ति के बारे में बुनियादी जानकारी नहीं दे पाया, जिसके लिए वह जमानत लेने आया था।

CJP नेताओं की गिरफ्तारी की टाइमलाइन

10 अक्टूबर: जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले दीपके-रांका-दास हिरासत में

कॉकरोच जनता पार्टी SIR के विरोध और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है। पार्टी ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन बुलाया था।

उस दिन सुबह CJP फाउंडर अभिजीत दीपके, सौरव व आशुतोष को दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट से ही पुलिस ने हिरासत में लिया था।

तीनों को 11 अक्टूबर को दिल्ली कैंट की विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया था। इसके बाद उन्हें 50-50 हजार रुपए के जमानती मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

13 अक्टूबर: दास और रांका जंतर-मंतर पहुंचे

जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल की लिस्ट से हटाने के एक दिन बाद आशुतोष और सौरव वहां तिरंगा लेकर पहुंचे थे। उनके साथ कुछ प्रदर्शनकारी भी थे। पुलिस ने सभी को हिरासत में लिया था।

16-17 अक्टूबर: दीपके को हिरासत के 24 घंटे में जमानत

आशुतोष और सौरव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में CJP ने 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में लहरा दो तिरंगा रैली बुलाई थी।

दीपके को रैली से पहले हिरासत में ले लिया गया था। इसके बाद उन्हें 50 हजार रुपए के बेल बॉन्ड पर 17 अक्टूबर को जमानत मिली थी।

CJP के तिरंगा मार्च पर दिल्ली पुलिस की 3 FIR

दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार के तिरंगा मार्च को लेकर शनिवार को कम से कम 3 FIR दर्ज कीं। इनमें CJP संस्थापक अभिजीत दीपके, AISA अध्यक्ष नेहा बोरा और AAP नेताओं समेत कई लोगों के नाम हैं।

FIR कनॉट प्लेस और मंडी हाउस थानों में दर्ज की गई हैं। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर रोक के आदेश तोड़ने, सड़क के बीच मार्च करने और पुलिस का काम रोकने का आरोप लगाया है।

कॉकरोच पार्टी ने जंतर-मंतर पर 36 दिन प्रदर्शन किया था

कॉकरोच जनता पार्टी ने 20 जून से 25 जुलाई तक NEET पेपर लीक मामले में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के लिए प्रदर्शन किया था। 36 दिन तक चले इस प्रदर्शन के दौरान एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भी भूख हड़ताल पर बैठे थे।

20 जुलाई को CJP ने संसद तक का मार्च भी किया था। 25 जुलाई को प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रदर्शन खत्म हो गया था।

कॉकरोच जनता पार्टी ने दिल्ली पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उसने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तारीख नहीं मिली तो फिर आंदोलन करेंगे। CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका और सौरव दास सोमवार को प्रदर्शन की अनुमति मांगने पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचे थे। 


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 20 October 2026
यूपी के मेरठ में अक्टूबर में दो अलग-अलग मामलों में महिलाओं और उनके साथियों को पति की हत्या के लिए मौत की सजा सुनाई गई। इसके बाद सवाल उठ रहा…
 20 October 2026
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान जाने वाली नदियों का पानी रोकने के लिए जिन प्रोजेक्ट्स में तेजी लाई गई थी, उनका काम अब धीमा पड़ गया है। सरकार के दबाव…
 20 October 2026
दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका के खिलाफ दर्ज मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। दोनों पर आरोप है…
 20 October 2026
केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि नए नियमों के तहत एयरलाइंस के किराए को सीधे कंट्रोल नहीं किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, एयरलाइंस मांग और उपलब्ध सीटों के हिसाब…
 20 October 2026
देशभर में आज दशहरा मनाया जाएगा। इंदौर में 111 फीट, कोटा और भोपाल में 105-105 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। रायपुर और उज्जैन में 101-101 फीट के पुतले जलाए…
 20 October 2026
RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि भारत में भी बांग्लादेश और फ्रांस जैसे हालात बनाने की कोशिश हो रही है। दुनिया में ऐसी शक्तियां हैं, जो भारत को दबाना…
 19 October 2026
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं आशुतोष रांका और सौरव दास की जमानत के मामले में स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट को कथित धमकी मिली है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले…
 19 October 2026
नई दिल्ली: फोन के स्पीकर मोड पर संगीत सुनने या वीडियो देखने वाले लोगों से परेशान होने वाले रेलवे यात्रियों को राहत देने और इस बढ़ते उपद्रव को रोकने के…
 19 October 2026
नई दिल्ली: फ्रांस में राजधानी पेरिस सहित कई शहरों में महंगाई और शिक्षा क्षेत्र में बजट निवेश को लेकर लाखों लोग सड़कों पर उतर आए हैं। यह प्रदर्शन अब उपद्रव…
Advt.