भोपाल। राजधानी के वीआइपी इलाके में चोरों ने अब भाजपा विधायक के सरकारी आवास को निशाना बनाया है। टीटी नगर के 45 बंगला क्षेत्र में शिवपुरी जिले के पिछोर से विधायक प्रीतम सिंह लोधी के सूने सरकारी आवास का ताला तोड़कर चोर स्कूटी, दो गैस सिलिंडर और घर में लगीं टोटियों समेत अन्य सामान ले गए। विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद विधायक और उनका स्टाफ जुलाई से आवास पर नहीं थे।
गुरुवार को पीए राजेश लोधी वापस पहुंचे, तब वारदात का पता चला। पुलिस के अनुसार चोरों ने आवास के मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। बाहर बरामदे में रखी स्कूटी और फिर कमरे का ताला तोड़कर घर में रखे दो सिलिंडर और कुछ सामान नहीं मिला तो बाथरूम और सिंक की टोंटियां उखाड़कर ले गए।
विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद 23 जुलाई को विधायक प्रीतम सिंह लोधी अपने घर चले गए थे। उनके साथ सरकारी आवास पर तैनात स्टाफ भी चला गया था। इसके बाद से आवास पर ताला लगा हुआ था। लंबे समय तक बंद रहे मकान की सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।