ट्रंप की नोबेल पुरस्कार पाने की चाहत, कितनी जायज ?

Updated on 24-06-2025 10:39 AM
मियां गालिब कह गए हैं कि ‘हजारों ख्वाहिशें ऐसी कि हर ख्वाहिश पे दम निकले..।‘ ऐसे में अगर मनमौजी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी शांति का नोबेल प्राइज पाने की हसरत और वो भी बिना कुछ खास किए पालें तो गलत क्या है? ये जमाना ही शाॅर्ट कट का है, लिहाजा लोग उंगली कटाकर भी शहीद बनना चाहते हैं। राष्ट्रपति ट्रंप का दर्द यही है ‍िक अपने दूसरे कार्यकाल के सात महीनों में उन्होंने दुनिया की बेहतरी के लिए क्या कुछ नहीं किया, लेकिन कोई इसका कदरदान ही नहीं है, सिवाय एक पाकिस्तान के। जिसने एक क्रिप्टो डील और भारत के साथ कथित रूप से ट्रंप की पहल पर हुए सीजफायर की ऐवज में ट्रंप बाबा को नोबेल का सुपात्र घोषित कर दिया है। लेकिन सवाल यह है कि क्या नोबेल पुरस्कार किसी के चाहने भर से मिल सकता है? क्या यह भक्त को भगवान के दिए वरदान की तरह है या फिर किसी सोद्देश्य, सद्भभावनापूर्ण जीवन, असाधारण साधना, समर्पण और प्रतिबद्धता की वैश्विक स्वीकृति है, जिसके मिलने से मानव जीवन एक महान चरित्र और आदर्श में परिणत हो जाता है? शायद हां। यही कारण है कि तमाम तरह की सौदेबाजियों में लिप्त और विश्वनीयता शब्द को तार-तार करने वाले ट्रंप अब नोबेल पुरस्कार पाकर विश्व इतिहास में अमर हो जाना चाहते हैं। इसकी खास वजह तो उनके पूर्ववर्ती राष्ट्रपतिख अोबामा हैं, जिन्हें दुनिया में शांति और सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया। ट्रंप उसे अपने तरीके से झटक लेना चाहते हैं।  
याद करें कि 1957 में एक फिल्म आई थी, नाम था ‘हुलाकू।‘ वो क्रूर मंगोल शासक, जिसने इस्लामी खलीफाअों की अब्बासिद शाखा की राजधानी बगदाद की ईंट से ईंट से बजा दी थी और खलीफा परंपरा को ही खत्म कर दिया था। उसी नाम की फिल्म में लता मंगेशकर का गाया गीत है’ दिल का ना करना ऐतबार कोई।‘ यही गीत अब कुछ नए अंदाज में इतिहास दोहराता लगता है कि ‘अमेरिकी राष्ट्रपति ‘डोनाल्ड ट्रंप पर करना ना ऐतबार कोई...!’ क्योंकि इस आदमी का कोई भरोसा नहीं। कब क्या कर बैठे, कह बैठे। कब पलटीमार दे और कब यू-टर्न ले ले। इसका ताजातरीन उदाहरण इजराइल है, जो ट्रंप की शह पर ईरान से पंगा लेकर फंस गया लगता है। शायद अमेरिका ने भी नहीं सोचा होगा कि उनका 45 वां राष्ट्रपति इतना अस्थिर चित्त, अविश्वसनीय, गजब का सौदेबाज और पल पल में रंग बदलने वाला साबित होगा। इस पर तुर्रा यह कि बतौर राष्ट्रपति अपने दूसरे कार्यकाल के पहले ही साल में ट्रंप को शांति का नोबेल पुरस्कार चाहिए और इसके लिए उनके नाम की सिफारिश वो पाकिस्तान कर रहा है, जो पहलगाम हमले के बाद भारत द्वारा पाकिस्तान पर आॅपरेशन सिंदूर के तहत की गई सशस्त्र कार्रवाई को कथित तौर पर रूकवाने के लिए ट्रंप के एहसान तले दबा हुआ है, वही पाकिस्तान जिसने अपने एकमात्र नोबेल पुरस्कार विजेता डा. दारे सलाम की कभी कद्र नहीं की, क्योंकि वो अहमदिया मुसलमान थे। उधर राष्ट्रपति ट्रंप नोबेल पुरस्कार पाने अपनी जो ‘वैश्विक उपलब्धियां’ गिना रहे हैं, उनमें अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ मिलकर अफ्रीकी देश कांगो और रवांडा के बीच समझौता कराना, भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रूकवाना,  सर्बिया और कोसोवो के बीच अमन की कायमी, मिस्र और इथियोपिया के बीच शांति बनाने तथा मध्य पूर्व में संयुक्त अरब अमीरात और इजराइल के बीच अब्राहम समझौता कराना आदि है। फिर भी उनका दर्द कि इतना सब कुछ करने  के बाद भी मुझे नोबेल का शां‍ति पुरस्कार नहीं मिलेगा। और मेरे लिए यही सबसे जरूरी है! 
ट्रंप के दावे अपनी जगह हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है। ट्रंप की रूस-यूक्रेन के बीच शांति कराने में नाकामी, ईरान-इजराइल के युद्ध को रूकवाने में उनकी विवादास्पद भूमिका, टैरिफ के नाम पर तमाम देशों के साथ अलग-अलग डील का ड्रामा, ‘अमेरिका फर्स्ट’ की आड़ में एक के बाद एक अदूरदर्शी फैसले और विचित्र तर्क, राष्ट्रपति पद की गंभीरता को रसातल में ले जाना, दोस्तों से दुश्मनी भरा बरताव (जैसे कि भारत) और दुश्मनों को निजी फायदों के लिए गले लगाना ( जैसे कि पाकिस्तान)। कभी चीन को दुश्मन नंबर एक बताना तो उसी के साथ टैरिफ और रेयर अर्थ एलीमेंट सप्लाई समझौता कर लेना, जिस खरबपति इलान मस्क को उन्होंने सबसे करीबी दोस्त बताया, उसी को किनारे लगाना, यह भ्रम बनाए रखना कि ट्रंप को अमेरिका का डीप स्टेट चला रहा है या  ट्रंप डीप स्टेट को चला रहे हैं, खनिज संसाधनों की ब्लैकमेलिंग को नया राजनीतिक अस्त्र बनाना, पारिवारिक धंधे के विस्तार के लिए राष्टपति पद का यथासंभव दोहन तथा नैतिक मूल्यों को दरकिनार कर व्यावसायिक मूल्यों को तरजीह देना आदि हैं।
तो क्या सचमुच ट्रंप को नोबेल पुरस्कार मिल सकता है, क्या वे इसके लिए पात्र हैं? ट्रंप के बेटे की कंपनी के साथ क्रिप्टोकरेंसी धंधे का समझौता करने वाले पाक फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सिफारिश की नोबेल कमेटी की निगाह में क्या अहमियत होगी? जहां तक नोबेल पुरस्कार के लिए नामों की सिफारिश का प्रश्न है तो उसकी एक निश्चित प्रक्रिया है। नोबेल शांति पुरस्कार उन व्यक्तियों या संगठनों को मिलता है, जिन्होंने राष्ट्रों के बीच भाईचारे को बढ़ावा देने, सैन्य तनाव घटाने और शांति स्थापना के लिए असाधारण काम किया हो। नोबेल पुरस्कार के लिए हर साल एक फ़रवरी तक नामांकन जमा लिए जाते हैं। नामांकन प्रक्रिया 8 महीने तक चलती है। इसका संचालन पांच सदस्यीय नाॅर्वेजियन नोबेल समिति करती है। इस समिति की नियुक्ति नाॅर्वे की स्टाॅर्टिंग (संसद) करती है।  केवल चुनिंदा लोग और संस्थाएं ही किसी को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामांकित कर सकते हैं, जैसे: देशों के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री, विश्वविद्यालयों के प्रोफ़ेसर, पूर्व नोबेल शांति पुरस्कार विजेता, संसद सदस्य, जज और कुछ अंतरराष्ट्रीय संगठनों के सदस्य आदि। ये लोग अपने नामांकन में बताते हैं कि क्यों फलां व्यक्ति या संगठन शांति पुरस्कार का हक़दार है। नामांकन फार्म 31 जनवरी तक जमा होते हैं। प्राप्त नामांकनों की जांच नोबेल समिति जांच करती है और एक शॉर्टलिस्ट तैयार करती है। समिति विशेषज्ञों से सलाह ले सकती है और सूक्ष्म जांच और विचार-विमर्श के बाद विजेता का नाम चुनती है। आमतौर पर विजेता के नाम की घोषणा हर साल अक्टूबर में होती है। समिति का निर्णय अंतिम होता है। पुरस्कार के लिए समिति के पास जो नाम भेजे जाते हैं, उन्हें 50 साल तक गोपनीय रखा जाता है। नोबेल शांति  पुरस्कार समारोह 10 दिसंबर को ओस्लो, नॉर्वे में होता है, जहां विजेता को मेडल, सर्टिफ़िकेट और नकद पुरस्कार राशि (लगभग साढ़े 8 करोड़ रुपये) दी जाती है। जबकि बाकी के छह नोबेल पुरस्कार (भौतिकशास्त्र, रसायनशास्त्र, चिकित्साशास्त्र, साहित्य और अर्थशास्त्र) स्वीडन की राजधानी अोस्लो में दिए जाते हैं। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2025 के नोबेल शांित पुरस्कार के लिए नोबेल समिति के पास कुल 338 नाम आ चुके हैं, जिनमें से 244 व्यक्तिगत और 94 नाम संगठनों के हैं। अगर ट्रंप नोबेल की चाहत रखें भी तो उन्हें 2026 का इंतजार करना होगा। 
असल में ट्रंप के लिए नोबेल पुरस्कार पाना उनकी अपनी सनकभरी कार्यशैली को वैश्विक वैधता दिलाने की दिली हसरत है। वरना नोबेल पुरस्कार की साढ़े 8 करोड़ रू. की राशि उनके लिए कोई मायने नहीं रखती। फोर्ब्स के अनुसार ट्रंप की कुल सम्पत्ति करीब 5 अरब ( 430 अरब रू.) अमेरिकी डाॅलर की बताई जाती है, जिसमें उनके राष्ट्रपति के रूप में दूसरे कार्यकाल के पहले साल में ही दोगुना इजाफा हुआ है।  प्रश्न यह भी है कि ट्रंप को नोबेल पुरस्कार मिलने की इतनी आस क्यों है? इसका जवाब अमेरिका के उन चार पूर्व राष्ट्रपतियों द्वारा शांति, वैश्विक सदभाव और मानवता के लिए किए गए कार्य हैं, जिन्हें नोबेल शांति पुरस्कार से नवाजा गया। मसलन अमेरिका के प्रथम नोबेल पुरस्कार विजेता राष्ट्रपति थियोडोर रूजवेल्ट को यह सम्मान 1906 में रूस और जापान के बीच युद्ध रूकवाने के लिए दिया गया। रूजवेल्ट ने शांति का संदेश देने एक ‘महान श्वेत ध्वज समुद्री बेड़ा’ भी दुनिया में भेजा। दूसरे नोबेल विजेता अमेरिकी राष्ट्रपति वूड्रो विल्सन के खाते में पहले विश्व युद्ध में अमेरिकी तटस्थता तथा विश्व युद्ध रूकवाने में अहम भूमिका के लिए 1919 का नोबेल शांति पुरस्कार आया। विल्सन ने 14 सूत्री कार्यक्रम भी दिया, जिसमें दुनिया के समुद्र में व्यापारिक जहाजो का मुक्त आवागमन, व्यापारिक रिश्तों में समानता, दुनिया में हथियारों में सहित कई बिंदु शामिल थे। उन्होंने पहली बार वैश्विक संवाद के लिए राष्ट्रों का संगठन बनाने का सुझाव दिया, जो संयुक्त राष्ट्र संघ के पूर्वज ‘लीग आॅफ नेशन्स’ के रूप में सामने आया। तीसरे नोबेल पुरस्कार (2002) पाने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति जिमी कार्टर थे। उन्हें मिस्र और इजराइल के बीच शांति के लिए कैम्प डेविड समझौता कराने तथा लोकतंत्र व मानवाधिकार को मजबूत करने का श्रेय जाता है। चौथे राष्ट्रपति बराक अोबामा हैं, जिन्हे दुनिया में शांति, परमाणु‍ ‍िनरस्त्रीकरण और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए असाधारण कूटनीतिक प्रयास व सहयोग के लिए (2009) नोबेल पुरस्कार मिला। गौरतलब है कि नोबेल विजेता चार अमेरिकी राष्ट्रपतियों में से तीन डेमोक्रेट और केवल एक रिपब्लिकन थे। ट्रंप भी रिपब्लिकन हैं। नोबेल पुरस्कार पाने की जो बुनियादी पात्रता है, ट्रंप उसमें कितना फिट बैठते हैं, यह भी बड़ा सवाल है। हकीकत में ट्रंप एक तरफ वैश्विक शांति की बातें कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमले भी कर रहे हैं। यूक्रेन पर हमले के लिए पुतिन को धमका रहे हैं। चीन को दुनिया का सबसे बड़ा खतरा बताकर उसके साथ ट्रेड डील भी कर रहे हैं। विश्व में शांति के पैरोकार रहे भारत को ठेंगा दिखाकर दुश्मन पाकिस्तान के साथ क्रिप्टो बिजनेस की प्राइवेट डील कर रहे हैं। जिस ‘नाटो’ की स्थापना अमेरिका की पहल पर हुई थी, उसी से अमेरिका के तलाक की पैरवी कर रहे हैं। शांति और मानवता के काम करने वाले तमाम वैश्विक संगठनों की आर्थिक मदद बंद कर अमेरिका को शुद्ध मुनाफाजीवी देश बनाने की उनकी जिद है। ट्रंप ने अपनी अविश्वसनीय शैली से पहले यूक्रेन को उलझाया अब इजराइल के सामने मुश्किलों का पहाड़ है। वैश्विक भाई-चारा तो दूर, अब  अमेरिका के लिए ‘पक्के’ दोस्त और दुश्मन का भी कोई मतलब नहीं है। जो ट्रंप की शर्तों पर धंधा करने राजी हो, वह दोस्त और जो झुकने से इंकार करे, वो दुश्मन। दरअसल ट्रंप अमेरिकी सत्ता के नैतिक पतन का एक बुरा उदाहरण हैं, भले ही वो उसे न मानें। अगर नोबेल समिति ने किसी दबाव में ट्रंप को शांति का पुरस्कार देने की ‘महाभूल’ की तो समझिए कि दुनिया में अब शांति, मानवता, परस्पर सहयोग और अंतरराष्ट्रीय भाईचारे की परिभाषा भी बदलनी होगी।
अजय बोकिल ,लेखक, संपादक

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 09 November 2025
बिहार में विधानसभा चुनाव की घोषणा के पहले तक ‘वोट चोरी’ ( एसआईआर, यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) का जो मुद्दा जोर शोर से उठा और चुनाव प्रचार के दौरान लगभग…
 08 November 2025
यातायात समस्या और रोज रोज के ट्रेफिक जाम से हर कोई परेशान है। इसके समाधान के लिए, हम वर्षों से सुनते आ रहे हैं: यह होना चाहिए, वह किया जाना…
 11 July 2025
पर्युषण के कई अर्थ अलग-अलग बताए गए हैं आत्मनिरीक्षण, आत्म साधना, विकारों का नाश यानी अपनी आत्मा के साथ रहना या यू कहो आत्मा के पास रहना। बरसों पूर्व से…
 07 July 2025
उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के दादरपुर गांव में विगत 21 जून को भागवत कथा एक यादव कथावाचक द्वारा किए जाने पर भड़का ब्राहमण यादव विवाद न केवल निंदनीय है…
 24 June 2025
मियां गालिब कह गए हैं कि ‘हजारों ख्वाहिशें ऐसी कि हर ख्वाहिश पे दम निकले..।‘ ऐसे में अगर मनमौजी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी शांति का नोबेल प्राइज पाने की…
 18 May 2025
देश में अब जो हो रहा है, वो मानो ‘आॅपरेश सिंदूर पार्ट- टू’ है। भारतीय सेना ने पाकिस्तानी आतंकी और हवाई ठिकानों को ध्वस्त कर अपनी सैनिक श्रेष्ठता और पराक्रम…
 13 May 2025
भारतीय सेना ने पहलगाम की बैसरन घाटी में भारत की बेटियों का सुहाग उजाड़ने वाले निर्मम आतंकियों के खात्मे का ‘आॅपरेशन सिंदूर’ अंजाम देकर न सिर्फ जबर्दस्त बदला लिया है,…
 24 April 2025
सुप्रीम कोर्ट द्वारा हाल में विधानसभाअों द्वारा पारित विधेयको को सम्बन्धित राज्यपालों द्वारा अनंत काल तक रोक कर ‘पाॅकेट वीटो’ करने की प्रवृत्ति के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट की दो सदस्यीय…
 11 April 2025
मप्र के छतरपुर जिले के गढ़ा ग्राम स्थि‍त बागेश्वर धाम के स्वयंभू पीठाधीश पं.धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने अपने इलाके में ‘पहला हिंदू ग्राम’ बसाने का ऐलान कर नई बहस को…
Advt.