भोपाल। पवित्र श्रावण मास के चतुर्थ एवं अंतिम सोमवार के अवसर पर राजधानी के समस्त शिवालयों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान और महापूजा की व्यापक तैयारियां की गई हैं। शिवालय बम-बम भोले और हर-हर महादेव के उद्घोष से गुंजायमान रहेंगे। शहर के ऐतिहासिक एवं प्रमुख श्रीबड़वाले महादेव मंदिर में अंतिम सोमवार पर विशेष आकर्षण 'हरित श्रृंगार' रहेगा।
मंदिर सेवा समिति के संजय अग्रवाल एवं प्रमोद नेमा ने बताया कि पूरे मंदिर प्रांगण को भांति-भांति के फूल-पत्तियों से बगीचे का रूप दिया जाएगा। इसके साथ ही गर्भगृह को भव्य नील सरोवर का स्वरूप प्रदान कर माता गौरा और बाबा बटेश्वर को नाव में विराजमान कराकर दिव्य नौका-विहार कराया जाएगा।
प्रातः काल संकल्पित श्रद्धालुओं द्वारा विभिन्न जड़ी-बूटियों एवं द्रव्यों से बाबा का रुद्राभिषेक किया जाएगा। इसके उपरांत चेतन भार्गव एवं प्रकाश मालवीय की अगुवाई में सेवा का संकल्प जन कल्याण समिति के पांच से अधिक कांवड़िये नर्मदापुरम (सेठानी घाट) से लाए गए मां नर्मदा के पवित्र जल से बाबा बटेश्वर का जलाभिषेक करेंगे।
छोला विश्राम घाट स्थित मुक्तेश्वर महाकाल मंदिर में भी अंतिम सोमवार पर विभिन्न अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। शिव श्रृंगार उत्सव समिति द्वारा चतुर्थ श्रावण सोमवार महोत्सव में बाबा मुक्तेश्वर महाकाल का पुष्यों द्वारा श्रृंगार किया जाएगा। शाम पांच बजे राजाधिराज मुक्तेश्वर महाकाल की सवारी निकलेगी। मंदिरों में श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।