कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत मध्य प्रदेश में पिछले वर्ष अगस्त में नियुक्त किए गए जिला कांग्रेस अध्यक्षों के प्रदर्शन की अब केंद्रीय स्तर पर समीक्षा शुरू हो गई है। मंगलवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश संगठन की कार्यप्रणाली का आकलन किया जाएगा।
समीक्षा के आधार पर कई जिलाध्यक्षों की जिम्मेदारियां तय होंगी, जबकि कमजोर प्रदर्शन करने वालों पर कार्रवाई भी संभव मानी जा रही है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल समीक्षा बैठक की अगुवाई करेंगे। पहले चरण में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के साथ संगठन की स्थिति पर चर्चा होगी। इसके बाद दूसरे चरण में जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बातचीत कर उनके कामकाज का मूल्यांकन किया जाएगा।