भोपाल। राजधानी के पॉश इलाकों में स्थित बड़े रेस्टोरेंट और पब-बार में लोगों की सेहत के साथ खुलेआम खिलवाड़ हो रहा है। शुक्रवार को भोपाल नगर निगम की म्युनिसिपल कोर्ट ने बंसल वन, डीबी मॉल और नर्मदापुरम रोड समेत कई प्रमुख ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमार कार्रवाई की।
विशेष म्युनिसिपल मजिस्ट्रेट (प्रथम श्रेणी) तरुणेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान रात 8 बजे तक खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के करीब 40 प्रकरण दर्ज किए गए। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे शहर के खान-पान कारोबारियों में हड़कंप मच गया।